आचार संहिता के कारण नहीं हो पाई थी बैठक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक 19 जून को दोपहर तीन बजे मंत्रालय (महानदी भवन) में होगी। लोकसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के कारण बीते तीन महीनों से राज्य मंत्रिमंडल की बैठक नहीं हो पाई थी। कैबिनेट की पिछली बैठक बीते 6 मार्च को हुई थी। तीन महीने बाद होने वाली कैबिनेट की बैठक में कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। कैबिनेट में किसानों, मजदूरों व अधिकारी-कर्मचारियों के हित में भी कई महत्त्वपूर्ण निर्णय संभव है।
कैबिनेट आगामी बैठक में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान ‘मोदी की गारंटी’ में किए गए वादे को पूरा करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। लोकसभा चुनाव के बाद विष्णुदेव साय सरकार निर्माण कार्यों व महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का प्रयास कर रही है। कैबिनेट की बैठक में रखे जाने वाले प्रस्ताव विभागों से मांगे गए हैं। लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली जबरदस्त जीत के बाद होने वाली कैबिनेट की पहली बैठक में मंत्रियों द्वारा मुख्यमंत्री का सम्मान व अभिनंदन किया किया सकता है। साथ ही चुनाव परिणाम की समीक्षा भी की जाएगी। कैबिनेट में वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को रायपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने जाने पर बधाई व शुभकामनाएं जाएंगी।
खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज की उपलब्धता की होगी समीक्षा
प्रदेश में आगामी मानसून व खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज की उपलब्धता व तैयारियों की समीक्षा होने की संभावना है। बैठक में विधानसभा के आगामी मानसून सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले कुछ संशोधन विधेयकों के प्रारूप का अनुमोदन किया जा सकता है।