बेमेतरा बारूद आई फैक्ट्री ब्लास्ट पूर्व मुख्यमंत्री ने दागे 5 सवाल, कहा- जवाब तो देना ही होगा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बेमेतरा जिले के ग्राम बोरसी स्थित बारूद फैक्ट्री में विस्फोट और श्रमिकों की मौतों के बाद भी दोषियों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए। उन्होंने राज्य सरकार पर प्रहार करते हुए सवाल उठाए कि किसकी गारंटी और किसके सुशासन में गुनाहगारों को संरक्षण दिया जा रहा है? सत्ता के किस करीबी को बचाने का प्रयास हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने 5 सवाल दागते हुए कहा कि इसका जवाब तो देना ही होगा। इतने भयावह हादसे के बाद अब तक एफआईआर तक दर्ज क्यों नहीं की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट करते हुए सवाल उठाए।
उन्होंने पूछा कि घटना के 48 घंटे बाद भी अब तक एफआईआर क्यों दर्ज नहीं हुई। वहीं क्या प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन से पूछा है कि घटना वाले दिन कितने मजदूर लापता हैं क्योंकि प्रशासन के 8 लोगों के दावे को ग्रामीण नकार रहे हैं। पूर्व सीएम ने यह भी पूछा कि क्षमता से अधिक रखी विस्फोटक सामग्री को क्यों निकाला जा रहा है। जांच में विस्फोटक सामग्री की क्या मात्रा दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को जो मुआवजा राशि देने की घोषणा की है उसे ग्रामीणों ने लेने से इंकार कर दिया है। क्या प्रशासन मुआवजा की राशि बढ़ाएगा। इस दिल दहलाने वाली घटना में मृतकों के शरीर के चिथड़े उड़ गए हैं। शरीर के अंगों को पॉलिथिन में जमा कर डीएनए जांच के लिए भेजा गया है।