संसद सत्र आज से 3 जुलाई तक चलेगा
नई दिल्ली : नई सरकार बनने के बाद 18वीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नवनिर्वाचित सांसद शपथ लेने वाले हैं। इसके बाद स्पीकर पद के लिए भी चुनाव होगा। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को भी संबोधित करेंगी। लोकसभा चुनाव के बाद नई सरकार बनी, जिसके बाद ये पहला सत्र है। इस 18वीं लोकसभा में एनडीए के पास 293 सीटों के साथ बहुमत है। इसमें भाजपा के पास 240 सीटें हैं, जो के बहुमत के आंकड़ें से कम है। विपक्षी दल इंडिया अलायंस के पास 234 सीटें है, जिसमें से केवल कांग्रेस के पास 99 सीटें हैं
पहले पीएम मोदी लेंगे शपथ : शपथ ग्रहण की बात करें तो पीएम मोदी और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्य कल (24 जून) सुबह 11 बजे शपथ लेंगे। पहले पीएम द्वारा शपथ ली जाएगी। उनके बाद मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्य शपथ लेंगे। इसके बाद विभिन्न राज्यों के सांसद वर्णमाला के क्रम में शपथ लेंगे। यानी की सबसे असम राज्य के सांसद शपथ लेंगे तो अंत में पश्चिम बंगाल के सांसद। 18वीं लोकसभा के पहले प्रधानमंत्री मोदी और उनके मंत्रिपरिषद सहित 280 नवनिर्वाचित सांसद शपथ लेंगे। वहीं दूसरे दिन 264 नवनिर्वाचित सांसद शपथ लेंगे।
संविधान की प्रतियां लेकर संसद तक जाएंगे विपक्षी सांसद
18वीं लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन, विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के लोकसभा सदस्य सुबह संसद परिसर में एकत्र होंगे और सदन की ओर मार्च करेंगे। यह सूत्रों द्वारा जानकारी मिली है। विपक्षी गठबंधन के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि सांसद पुराने संसद भवन के गेट नंबर 2 के पास एकत्र होंगे, जहां कभी गांधी प्रतिमा हुआ करती थी।
संसद परिसर में सांसदों के लिए प्रिय विरोध स्थल रही गांधी प्रतिमा को हाल ही में 14 अन्य प्रतिमाओं के साथ संसद परिसर में ‘प्रेरणा स्थल’ में स्थानांतरित कर दिया गया है। नेता ने बताया कि कुछ सांसद भारत के संविधान की प्रतियां लेकर चलेंगे और सभी संसद भवन तक पैदल जाएंगे।