छत्तीसगढ़ से जुड़े तीन राज्यपालों का कार्यकाल इसी महीने यानी जुलाई में समाप्त होने जा रहा है। इनमें छत्तीसगढ़ के मौजूदा राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन का कार्यकाल जुलाई में खत्म होगा। वहीं छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस और छत्तीसगढ़ में राज्यपाल रहीं और वर्तमान में मणिपुर की राज्यपाल अनुसईया उईके शामिल हैं। श्री हरिचंदन ओडिशा से हैं और अनुसईया उईके पड़ोसी मप्र से हैं। राज्यपाल का कार्यकाल पांच साल का होता है।छत्तीसगढ़ की तत्कालीन राज्यपाल अनुसईया उईके को मणिपुर भेजा गया उसके बाद विश्वभूषण यहां राज्यपाल के रूप में आए। वे पड़ोसी प्रदेश ओडिशा से हैं। ओडिशा में वे कई सियासीय पदों पर रहे हैं।
बैस बने थे 2019 में त्रिपुरा के राज्यपाल
रमेश बैस छत्तीसगढ़ के मूल निवासी है। वे यहां कई बार सांसद से लेकर केंद्रीय मंत्री रहे हैं। श्री बैस को पहली बार 9 जुलाई 2019 में त्रिपुरा का राज्यपाल बनाकर भेजा गया था। वे वहां 13 जुलाई 2021 तक रहे। इसके बाद वे 14 जुलाई 2021 को झारखंड़ के राज्यपाल बनाए गए। उनका कार्यकाल 12 फरवरी 2023 तक रहा। इसके बाद श्री बैस 18 फरवरी 2023 से अब तक महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में काम कर रहे हैं। तीनों राज्यों में राज्यपाल के रूप में काम करते हुए हुए उन्हें जुलाई 2024 में पांच साल पूरे हो रहे हैं। श्री बैस ने छत्तीसगढ़ रायपुर में पार्षद के रूप में राजनीति में कदम रखा, वे विधायक भी रहे और इसके बाद रायपुर लोकसभा सीट से रिकार्ड सात बार चुनाव जीतकर सांसद बने। वे 1998 में पहली बार अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री बने थे। इसके बाद भी वे केंद्र में मंत्री तथा लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक रहे।
अनुसईया उईके
सुश्री अनुसईया उईके वर्तमान में मणिपुर की राज्यपाल हैं। इससे पहले वे 29 जुलाई 2019 को पहली बार छत्तीसगढ़ की राज्यपाल बनीं थी। राज्य में उनका कार्यकाल 23 फरवरी 2023 तक रहा। इसके बाद उन्हें मणिपुर का राज्यपाल बनाया गया। वे 12 फरवरी 2023 से मणिपुर की राज्यपाल के रूप में कार्यकर रही है। राज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति के पांच साल पूरे हो रहे हैं। वे 1985 में मप्र से पहली बार कांग्रेस से विधायक बनीं और तत्कालीन कांग्रेस सरकार में मंत्री भी रही। बाद में उन्होंने भाजपा प्रवेश किया था। अनुसईया उईके अनुसूचित जनजाति आयोग की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुकीं हैं।
विश्वभूषण हरिचंदन
छत्तीसगढ़ के मौजूदा राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने 23 फरवरी 2023 के यहां राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण किया था। वे वर्तमान में अपने पद पर आसीन हैं। इससे पहले वे आंध्रप्रदेश के राज्यपाल के रूप में भी काम कर चुके हैं। आंध्रप्रदेश में राज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति 13 जुलाई 2019 में हुई थी। वे 12 फरवरी 2023 तक वहां राज्यपाल रहे।